April 20, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  महिला आरक्षण अधिनियम  को लेकर सियासत तेज हो गई है। बिल पास न होने के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आईं और नरेश उत्तम पटेल के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा और विपक्षी नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
दामोदर नगर स्थित सपा सांसद के आवास के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पहुंचीं। उन्होंने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने गेट पर लगी नेम प्लेट पर चप्पल मारकर अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप था कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष ने नकारात्मक भूमिका निभाई है।
महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले इस बिल का विरोध करने वाली पार्टियां महिला विरोधी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाओं को अधिकार देने की बात हो रही है, तो कुछ दल इसका विरोध क्यों कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि वे सांसद से जवाब चाहती हैं कि आखिर महिला आरक्षण से उन्हें दिक्कत क्यों है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर आंदोलन जारी रहेगा और विरोध करने वालों को जनता सबक सिखाएगी।
प्रदर्शन में महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि 1996 से कुछ दल महिला आरक्षण का विरोध करते आ रहे हैं। सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है, लेकिन विपक्ष के रुख के कारण यह संभव नहीं हो सका।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह ने किया। जिसमें राज्य महिला आयोग सदस्य अनीता गुप्ता, महिला मोर्चा अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, मोना शुक्ला , पुष्पा तिवारी, सुनीता देवी प्रस्तावना तिवारी पार्षद विद्या वर्मा, शालू कनोजिया, मधु तिवारी, वंदना गुप्ता ममता राजपूत, सुषमा चौहान, प्रेमलता, सुमन सिंह, अर्चना वंदना देवी, सरस्वती सरकार, स्नेहलता, सहित अन्य महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।