• स्पेशल थाना और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट गठित करने की मांग।

संवाददाता
कानपुर। बेटी बचाओ संघर्ष समति के कार्यकर्ताओं ने जेएनके कालेज से कलक्ट्रेट के लिए सैंकड़ों की संख्या मे जुलूस निकालकर ‘जय श्री राम’ और ‘बेटियों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारे लगाए। जुलूस निकालकर ‘लव जिहाद’ और अवैध धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार को 13 सूत्रीय मांग का ज्ञापन दिया। इसमें हर जिले में ऐसे मामलों की जांच के लिए विशेष पुलिस थाना और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट गठित करने की मांग प्रमुख रही।
संगठन ने मांग की है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर 6 महीने के भीतर मामलों का निस्तारण करने, धर्मांतरण में सहयोग करने वालों को संगठित अपराध की श्रेणी में शामिल कर कड़ी सजा देने की मांग की गई। साथ ही अंतरधार्मिक विवाह में लड़की की न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
इसके अलावा विवाह के उद्देश्य से धर्मांतरण पर पूर्ण प्रतिबंध, समान नागरिक संहिता लागू करने और प्रभावित महिलाओं को विदेश भेजे जाने की स्थिति में पूर्व सूचना व सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही गई।
प्रदर्शनकारियों ने जिम, हेयर सैलून और मसाज सेंटरों पर महिला ट्रेनर और संचालकों के नाम-पते अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने की भी मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों में संगठित अपराध या आतंकी कनेक्शन सामने आते हैं, तो सख्त कार्रवाई की जाए।






