April 20, 2026

संवाददाता 

कानपुर। डीएम कानपुर का यह अनोखा अंदाज कार्मिकों के लिए न सिर्फ चौंकाने वाला था, बल्कि उनका हौसला बढ़ाने वाला भी साबित हुआ। 

कानपुर इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रशिक्षण कक्ष में  ऐसा नजारा दिखा, जो आम दिनों से बिल्कुल अलग था। यहां मंच पर नहीं, बल्कि जनगणना कार्मिकों के बीच पंक्ति में बैठकर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण लेते नजर आए। 
फील्ड ट्रेनर आलोक यादव प्रशिक्षण दे रहे थे और सामने बैठे डीएम हर बिंदु को ध्यान से समझ रहे थे। बीच-बीच में उन्होंने कार्मिकों से सवाल पूछे, उनकी समझ को परखा और जरूरी सुझाव भी दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर देश की योजनाएं और नीतियां तय होती हैं।
डीएम ने कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि “हर एक प्रविष्टि जिम्मेदारी है। छोटी सी लापरवाही भी बड़े स्तर पर असर डाल सकती है।” उन्होंने सभी से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और फील्ड में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की।
जनपद में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के 15 प्रशिक्षण केंद्रों पर 172 फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से 10,467 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। केआईटी केंद्र पर 250 कार्मिक प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां डीएम ने व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
बताते चलें कि पहले चरण में 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी, जिसमें लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और जनसंख्या का विवरण जुटाएंगे।