September 17, 2024

जनपद के सभी चयनित छह छात्रों को मिला टैबलेट।

कानपुर। अपने हुनर और कुछ अलग करने की ललक से बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के तीन छात्र 50वीं जवाहरलाल नेहरु राज्य विज्ञान प्रदर्शनी—2022 में जगह बनाने में सफल रहे। इन तीन छात्रों में एक ने गणित तो दूसरे ने संचार प्रौद्योगिकी और तीसरे ने पर्यावरण के क्षेत्र में मॉडल प्रदर्शित कर चयनकर्ताओं को आकर्षित किया। वहीं जनपद में कुल छह छात्रों का चयन हुआ और मंगलवार को सभी को टैबलेट मिला। राजकीय बालिका इण्टर काॅलेज चुन्नीगंज कानपुर में मंगलवार को 50वीं जवाहरलाल नेहरु राज्य विज्ञान प्रदर्शनी-2022 में चयनित कानपुर नगर के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कानपुर नगर के कुल छह छात्रों में से तीन छात्र बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन इण्टर कालेज बेनाझाबर, कानपुर के हैं। यहां के प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह ने बताया कि राजर्षि शुक्ला ने ‘हमारे लिए गणित’ के अन्तर्गत क्रियाकारी माॅडल बनाकर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार मयंक शुक्ला ने ‘सूचना और संचार प्रौद्योगिकी’ के अन्तर्गत भारतीय सेना के लिए अत्यंत उपयोगी ‘बाॅर्डर सेफ्टी डिवाइस’ नामक क्रियाकारी माॅडल बनाया। वहीं विनायक दीक्षित ने ‘पर्यावरण अनुकूल सामग्री’ के अन्तर्गत प्लास्टिक के उपयोग से मात्र तीन रुपये के खर्च में ईकोफ्रेंडली ईंट बनाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों छात्रों को राजकीय बालिका इण्टर काॅलेज चुन्नीगंज में टैबलेट प्रदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम कोआर्डिनेटर जीजीआईसी बैकुण्ठपुर की प्रधानाचार्या डाॅ. किरन प्रजापति, डाॅ.संगीता सिंह (प्रधानाचार्या, जी.जी.आई.सी., जहांगीराबाद), मंगलम गुप्ता (प्रधानाचार्या जी.जी.आई.सी. चुन्नीगंज), संजय यादव (प्रधानाचार्य, जी.आई.सी., चुन्नीगंज), मनीषा (प्रधानाचार्या,जी.आई.सी. भीमसेन), अवनीश मेहरोत्रा (रसायन विज्ञान प्रवक्ता, बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन इं. काॅलेज बेनाझाबर) आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *