September 8, 2024

कानपुर।पेड़ न केवल सुंदर और महत्वपूर्ण हैं , बल्कि वे पृथ्वी पर जीवन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।  उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के बारे में सभी को जानकारी है अतः पेड़ लगाना और उनकी देख रेख करना सभी लोगो का परम कर्तव्य है। उपरोक्‍त विचार शनिवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के आधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र दिलीप नगर में आज बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान केंद्र के प्रभारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने व्‍यक्‍त किए। उन्‍होंने  कहा कि  पेड़ पौधे जीवन को बचाने में ही नहीं अपितु पर्यावरण को सुरक्षित रखने में भी अहम रोल अदा कर रहे हैं। जैसे-जैसे हम अपने दैनिक जीवन में आगे बढ़ते हैं, पेड़ों से मिलने वाले अनेक लाभों को हल्के में लेना आसान हो जाता है। कार्यक्रम में नीम, आंवला, पीपल, बरगद, इत्यादि के 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया| उन्होंने कहा कि पेड़ ही हैं जो जलवायु परिवर्तन के कुप्रभावों को कम करने की क्षमता रखते हैं, जिसके लिए वृक्षारोपण अभियान जारी रहना जरुरी है। इसी से जलवायु में सुधार संभव है। पेड़-पौधे प्रकाश संश्लेषण के माध्यम से कार्बन-डाई आक्साइड को कम कर ऑक्सीजन देने में महती भूमिका में हैं। यह प्रक्रिया प्रकृति में संतुलन बनाए रखती है।  जंगल ही हमें स्वच्छ जल और स्वस्थ मृदा के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण भी प्रदान करने का आधार प्रदान करते हैं। पर्यावरण की समस्या का दायरा अत्यंत व्यापक है और स्वास्थ्य से इसका सीधा संबंध है। अतः पौधे लगाना और उनका रखरखाव प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी होनी चाहिए | कार्यक्रम में केंद्र के  वैज्ञानिक डॉ राजेश राय, डॉ अरुण  कुमार सिंह, डॉ खलील खान, डॉ निमिषा अवस्थी के साथ शोध सहायक शुभम यादव व गौरव शुक्ला उपस्थित रहे |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *