July 27, 2024

संवाददाता।

कानपुर। नगर में मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र आज कानपुर दौरे पर हैं। वे पनकी स्थित नारायणा कॉलेज भी जाएंगे। इसको देखते हुए उनके रूट को नगर निगम ने पूरी तरह चमका दिया है। पनकी-गंगागंज रोड, पनकी धाम स्टेशन रोड पर तालाब जितने गड्‌ढे थे, नगर निगम ने रातों-रात सभी सड़कों को बनाकर पूरा कर दिया। पूरे रूट को चमकाने के लिए नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। सड़क के दोनों तरफ हर प्रकार के अवैध निर्माण को हटा दिया गया है। होर्डिंग, बैनर तक हटा लिए गए हैं। सड़क किनारे पड़े कूड़े को भी पूरी तरह साफ कर दिया गया है। हर 200 मीटर पर सफाई कर्मी की तैनाती की गई है। पनकी-गंगागंज रोड पर दोनों तरफ बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा रहता है। नगर निगम ने मंगलवार रात को 3 जेसीबी लगाकर कूड़ा हटा लिया। वहीं मिट्‌टी के ढेरों को समतल कर दिया। वहीं रोड किनारे स्थित अवैध कब्जों और झोपड़ियों को ग्रीन कवर से ढक दिया गया है। वहीं रातों-रात सड़कें बनने, सफाई होने से स्थानीय लोग बेहद खुश हैं। मुख्य सचिव लखनऊ से बाई रोड कानपुर आएंगे। सबसे पहले वे बृहस्पति महिला महाविद्यालय, किदवई नगर जाएंगे। इसके बाद वे पनकी स्थित नारायणा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नई मेग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग मशीन और ऑपरेशन ब्लॉक का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे करीब 2 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *