July 27, 2024

कांटे की टक्कर के बाद आखिरकार 20968 वोटों से जीते रमेश अवस्थी।

संवाददाता।

कानपुर। कानपुर नगर लोकसभा सीट पर लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा बरकरार रखा है। इससे पूर्व भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने 2014 में तो सत्यदेव पचौरी ने साल 2019 में इस सीट पर कब्जा जमाया था। 13 मई को इस लोकसभा सीट पर सम्पन्न मतदान प्रक्रिया के लगभग 21 दिनों के बाद आए परिणाम भाजपा के पक्ष में रहे। मंगलवार को सम्पन्न मतगणना में  कानपुर लोकसभा सीट पर सुबह से ही भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की लड़ाई  चली रही और अन्त तक जारी रही। कभी भाजपा के रमेश अवस्थी आगे रहे तो कभी कांग्रेस के आलोक मिश्रा आगे रहे, लेकिन अन्तत: बाजी भाजपा ने 20968 वोटो से मार ली।भाजपा का गढ़ कही जाने वाली कानपुर लोकसभा सीट पर अबकी बार कांग्रेस ने कड़ी टक्कर दी। सुबह से शुरु हुई मतगणना में कभी भाजपा के रमेश अवस्थी आगे निकल जाएं तो कभी कांग्रेस के आलोक मिश्रा। इससे दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं की धड़कने दिनभर बढ़ती घटती रही। आखिरकार भाजपा के रमेश अवस्थी ने 20968 वोटों से विजय हासिल कर ली और उन्हे कुल 443055 मत मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्रा को 422087 मत मिले। लगातार तीसरी बार कमल खिलने पर भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी, हालांकि जीत का अंतराल पिछले दो चुनावों में सबसे कम रहा, लेकिन जीत तो जीत होती है।  

*किदवई  और गोविन्द नगर विधानसभा क्षेत्र भाजपा के लिए एक बार फिर से बना संजीवनी*

कानपुर लोकसभा सीट के अर्न्तगत पांच विधानसभा सीटें आती हैं और तीन सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार आलोक मिश्रा बराबर बढ़त बनाये रहे और अंत तक सफल रहे। वहीं गोविन्द नगर और किदवई नगर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार रमेश अवस्थी ने जबरदस्त बढ़त बनाई। इस प्रकार यह दोनों विधानसभा सीटें भाजपा की जीत के लिए संजीवनी बन गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *