September 8, 2024

संवाददाता।

कानपुर। नगर में श्रीमद्भगवद्गीता जयंती आयोजन समिति द्वारा देर शाम को जेके टैंपल में भारतीय नव वर्ष मनाया गया। लोगों को भारतीय नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ ही रोज गीता पढ़ने का संदेश दिया गया। इस मौके पर सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया। वहीं चुनाव का पर्व-देश का गर्व की थीम पर लोक सभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम से पहले गीता संदेश यात्राओं का आयोजन किया गया। ये यात्राएं कानपुर के चारों भागों में अनेक स्थानों से शाम से शुरू हुईं। पश्चिम भाग की यात्रा पनकी स्थित श्री हनुमान मंदिर से महंत जितेन्द्र दास महाराज के निर्देशन में निकली। उत्तर भाग की यात्रा इस्कॉन मन्दिर, मैनावती मार्ग से मुकेश पालीवाल के निर्देशन में निकली। जेके टैंपल में आयोजित कार्यक्रम में ढींगरा ग्रुप ने मनोहारी श्रीराम स्तुति की प्रस्तुति दी। सुप्रसिद्ध भजन गायिका डॉ. सपना बनर्जी और गायक शिवम वर्मा व उनकी टोली ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों समेत अन्य गीत प्रस्तुतियों से लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने कहा कि हमें अपनी प्राचीन विरासत पर गर्व करना चाहिए। भारत की प्राचीन काल गणना विश्व में सबसे सबसे प्राचीनतम और वैज्ञानिक है। विशिष्ट अतिथि जेके ऑर्गनाइजेशन के वाइस प्रेसिडेंट आशीष चौहान ने कहा कि गीता महान ग्रंथ और जीने का आधार है। इससे जीवन का उद्देश्य और इसकी राह, दोनों की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम में जिला प्रशासन व रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा लोगों को मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान समिति के संरक्षक मण्डल के सुरेन्द्र गेरा, अखिलेश शुक्ला, प्रेमचन्द्र अग्निहोत्री, मुकेश पालीवाल, राजीव महाना, कमल त्रिवेदी, सचिन शुक्ला, तुषमुल मिश्रा, सिमरन कौर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *