July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में आज विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कार्यक्रम आयोजित हुए। इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी 73वी जन्मदिवस मना रहे है। भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह के निर्देश पर पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपाईयों ने अपने अपने शक्तिकेंद्रों के मंदिरों में एकत्र होकर देवी देवताओं को गंगा जल,दूध दही, इत्र आदि से स्नान कराकर चंदन,सुगंध,पुष्प, माला, भोग अर्पित कर पूजा अर्चना की और पीएम नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराया और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने किदवई नगर के भोलेश्वर मंदिर में पूजन अर्चना कर पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना की। केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी के चित्र पर तिलक और माल्यार्पण कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु की मंगलकामना की। सभी कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के चित्र पर तिलक लगाकर उनको जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कार्यकर्ताओं को गुलगुले का वितरण किया गया। पीएम मोदी के जन्मदिन पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता  ढोलक मंजीरा की धुन पर सोहर गए गए और महिला कार्यकर्ता में खुशी से नाच रही थी। कार्यालय का पूरा परिसर नरेंद्र मोदी जिंदाबाद और हर हर मोदी, घर घर मोदी के नारों से गूंज रहा था। दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति और समावेशी कूटनीति से पूरी दुनिया को परिचित कराने वाले पीएम नरेंद्र मोदी ने धरती से लेकर आसमान तक भारत का डंका बजा दिया है। जिससे आज हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं कानपुर के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल,महेश त्रिवेदी और दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने सचान नहर के किनारे जूता बनाने का कारोबार करने वाले जूता कारीगरों को पटका व फूल माला पहनाकर सम्मानित किया। भाजपा दक्षिण पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमाकांत शर्मा के नेतृत्व में वाहन जुलूस निकाला गया। वाहन जुलूस में शामिल स्कूटर ,मोटरसाइकिल  सवार हजारों भाजपा कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, मोदी – योगी जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे।
भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर वाहन जुलूस को रवाना किया।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के केशवनगर स्थित कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल एवं मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ धूमधाम से प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन मनाया। सबसे पहले सभी नेताओं ने भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा की फिर मोदी जी के छायाचित्र पर पंडितों द्वारा किए गए मंत्रोच्चारण के बीच तिलक किया। महिलाओं द्वारा ढोलक की थाप पर मंगल गीत गाए गए। सभी ने नरेंद्र मोदी जी की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। उत्साह से भरे हुए कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता में नृत्य भी किया। इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता भी अपने कदमों को थिरकने से रोक नहीं पाए। इसके बाद नंदी एवं प्रकाश पाल ने जन्मदिन पर गुलगुले बनाने की कानपुर की स्थानीय परंपरा को मनाते हुए स्वयं कढ़ाई में गुलगुले तले।
इस अवसर पर नंदी एवं प्रकाश पाल ने विभिन्न कलाओं जैसे बढ़ई, मोची, कुम्हार आदि के इक्कीस शिल्पकारों का सम्मान किया। फिर सभी ने बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का लाइव प्रसारण देखा, जिसमे मोदी ने विभिन्न क्षेत्रों के विश्वकर्मा समाज के कई शिल्पियों का सम्मान किया तथा विश्व का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर ‘ यशोभूमि ‘ का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जब कानपुर के कारीगर का सम्मान हुआ तो सभी ने खड़े होकर तालियां बजाईं। मोदी जी के सजीव संबोधन प्रसारण को सुनने के बाद नंदी ने सभी को भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती की शुभकामनाएं दीं तथा मोदी जी के जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज जिन शिल्पकारों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने नवनिर्मित यशोभूमि में सम्मान किया उनमें से एक कानपुर का अपना भाई भी था, हमें इसका गर्व है। मोदी जी ने जो भारत की पांच ट्रिलियन इकोनॉमी की बात की है उसमे से एक ट्रिलियन का संकल्प हमारे उत्तर प्रदेश का है। उत्तर प्रदेश में कानपुर औद्योगिक नगरी का विशेष महत्व है। हमें उतर प्रदेश के इस संकल्प को पूरा करना है जिससे भारत और मोदी जी का भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प पूरा हो।
प्रकाश पाल ने कहा कि भारत सोने की चिड़िया और विकसित देश था क्योंकि यहां घर घर में उत्पादन होता था और इस उत्पादन की धुरी थे हमारे विश्वकर्मा समाज के कारीगर एवं शिल्पकार बंधु। हमें फिर से भारत को विश्वगुरु बनाना है।
पूर्व मंत्री उप्र शासन बालचंद्र मिश्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हम सब भारतवासी भाग्यशाली हैं कि हमको मोदी जी जैसा विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता मिला है। क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वहां से श्री पाल और नंदी जूही कलां में पटरी पर स्थित फुटवियर रिपेयरिंग मार्केट गए और वहां सभी दुकानों पर फुटवियर कारीगरों का सम्मान किया। वाहन जुलूस क्षेत्रीय कार्यालय से हमीरपुर रोड ,गौशाला साई मंदिर  चौराहा से  दीप टॉकीज तिराहा , पराग डेरी से होते हुए साकेत नगर तथा  सचान गेस्ट हाउस चौराहा बर्रा बाईपास चौराहा तत्पश्चात द सन सिटी होटल तक निकाला गया। प्रमुखरूप से विधायक महेश त्रिवेदी,अरुण पाठक, रघुनंदन भदौरिया, ज्ञानू मिश्रा, जसविंदर सिंह, राजन चौहान, शिवपूजन सविता,अर्जुन बेरिया, अनीता त्रिपाठी, रमाकांत शर्मा, प्रमिला पाण्डेय, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, अरुण  पाठक, सुरेंद्र मैथानी, अनीता गुप्ता, पूनम द्विवेदी, सुनील तिवारी, आनंद राजपाल, मोहित पाण्डेय, जिलाध्यक्ष दीपू पाण्डेय, शिवराम सिंह, दिनेश कुशवाहा, सुरेश अवस्थी, रघुनंदन भदौरिया, सुनील बजाज, राजेंद्र दुबे, अशोक मिश्र, राधेश्याम पाण्डेय, कौशल किशोर दीक्षित, विनोद शुक्ल रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *