
संवाददाता
कानपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए।
पहली घटना सचेंडी थाना क्षेत्र की है। हरचंदपुर गांव निवासी विनोद कुमार (35) अपनी बहन के घर होकर गंगा स्नान के लिए निकले थे। वह बिठूर निवासी अपनी बहन विमला के घर जाने के लिए बाइक से निकले थे। भीमसेन के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दूसरी घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र की है। डिब्बा निवादा निवासी आशीष कुमार (23) ड्यूटी से लौट रहे थे। बाबा कुआं के पास रॉन्ग साइड से आ रहे पल्सर सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल आशीष समेत तीन घायलों को चौबेपुर सीएचसी ले जाया गया। इलाज के दौरान आशीष की मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






