
संवाददाता
कानपुर। नगर के जूही क्षेत्र में पिछले एक साल से दूषित जलापूर्ति की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर आ गया।
वार्ड 14 किदवई नगर सब्जी मंडी की पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने महिलाओं के साथ जूही बारा देवी चौराहे पर गंदा और काला पानी लेकर गड्ढे में उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने जल निगम और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई।
पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने बताया कि जूही के करीब 15 इलाकों में पिछले एक साल से लगातार काले और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। प्रभावित क्षेत्रों में संत रविदास नगर, बाथम का अड्डा, राखी मंडी, विनोबा नगर, बारा देवी, लक्ष्मणपुरवा समेत आसपास के लगभग डेढ़ दर्जन मोहल्ले शामिल हैं। इन इलाकों की करीब 10 हजार की आबादी लंबे समय से गंदा पानी पीने को मजबूर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी में बदबू आती है और उसका रंग काला होता है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बोतलों में भरा गंदा पानी दिखाते हुए कहा कि वह इसी पानी का इस्तेमाल पीने और घरेलू कार्यों में करने को मजबूर हैं।
पार्षद ने आरोप लगाया कि दूषित पानी के कारण हजारों लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। लोगों को जहर जैसा पानी पिलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो क्षेत्रवासी जल निगम कार्यालय का घेराव करेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल जांच कर उसे बदला जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।






