• चौथे आत्महत्या के मामले में परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप।

संवाददाता
कानपुर। नगर में पिछले 24 घंटे के अंदर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार लोगों ने फंदा लगाकर जान दे दी। इनमें एसएससी की तैयारी कर रही एक छात्रा, सब्जी का ठेला लगाने वाला युवक और एक दूध कारोबारी शामिल हैं। वहीं चकेरी में एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसकी हत्या करके शव लटकाने का आरोप लगाया है।
चारों घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। चकेरी की घटना में पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी।
पहली घटना में कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र के सैरयापुर निवासी दीक्षा अपनी बड़ी बहन आकांक्षा के साथ रावतपुर के हितकारी नगर स्थित पी-ब्लॉक में किराए पर रहकर पिछले दो साल से एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह फतेहगढ़ में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा भी थी। परिजनों के मुताबिक हाल ही में उसने पास में ही नया कमरा किराए पर लिया था।
आकांक्षा नए कमरे में खाना बनाने की तैयारी कर रही थी, जबकि दीक्षा पुराने कमरे से सामान लेने गई थी। दीक्षा काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो आकांक्षा वहां पहुंची। कमरे के अंदर दीक्षा का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
दूसरे मामले में रावतपुर थानाक्षेत्र के धामीखेड़ा में रहने वाले सर्वेश कुशवाहा के 26 वर्षीय इकलौते बेटे अभय ने देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि वह सब्जी का ठेला लगाता था और नशे का लती था। जिसके चलते आए दिन घर में विवाद होता रहता था।
मंगलवार शाम वह नशे में धुत होकर आया, जिसपर उसका पिता से झगड़ा हुआ। जिसके बाद अभय ने देर रात कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह करीब 9 बजे तक कमरे से बाहर न निकलने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो इकलौते बेटे का शव फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
तीसरे मामले में मूलरूप से बांदा जनपद के गिरवां निवासी परमलाल सैनी का 23 वर्षीय बड़ा बेटा श्याम चकेरी के काजीखेड़ा लाल बंगला में आशा सैनी के मकान में पिछले 12 साल से रहकर फूल बेचने का काम करता था। पड़ोस में ही उसकी बहन भी रहती थी। देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी पाकर पहुंचे परिजनों ने मकान मालकिन आशा सैनी पर मारपीट करके हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
वहीं चौथे मामले में सचेंडी, रूद्रपुर निवासी प्रेमकुमार यादव (33) दूध का कारोबार करते थे। परिवार में पिता राम औतार यादव, मां जयश्री व तीन अन्य भाई राहुल, अभ्यास व अंकुल हैं। भाई राहुल के मुताबिक प्रेम कुमार शराब के लती थी, 24 जून से वह शराब का अत्यधिक सेवन करने लगे थे। मंगलवार दोपहर वह अत्यधिक नशे में धुत होकर आए, जिसपर मां ने विरोध किया। जिसपर दोनों के बीच झगड़ा हो गया था।
इसके बाद देर शाम प्रेम कुमार ने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया, काफी देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर परिजनों ने देर शाम कमरे में जाकर देखा तो उनका शव फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।






