— सीसीटीवी फुटेज में भी नहीं मिला कोई सुराग।

संवाददाता
कानपुर। नगर के रेल बाजार थाना क्षेत्र में स्थित यातायात पुलिस लाइन के सरकारी बैरक से एक यातायात पुलिसकर्मी की स्कूटी चोरी हो गई।
पुलिस विभाग के परिसर में हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पुलिसकर्मी ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात प्रदीप सिंह सरकारी बैरक में रहते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनके आवास के बाहर खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी अज्ञात चोरों ने चुरा ली।
प्रदीप सिंह ने बताया कि चोरी का पता चलने पर उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन स्कूटी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रेलबाजार थाने में सूचना दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस विभाग के परिसर से वाहन चोरी की इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।






