
संवाददाता
कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र में महिला को पति और बेटे की हत्या का भय दिखाकर लाखों रुपये के जेवर ठगने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन बदमाशों को गुजैनी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में लूटा गया सोने-चांदी का सामान, बाइक और तमंचे बरामद किए गए हैं।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 21 जून को गुजैनी थाने से करीब 200 मीटर दूर रविदासपुरम निवासी स्कूल वैन चालक सुरेश कुमार की पत्नी बिंदन देवी बर्रा-8 स्थित अपनी ननद श्यामापति के घर से लौट रही थीं। गोविंद स्वीट हाउस के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मोबाइल में उनके पति और बेटे की फोटो दिखाकर उनकी हत्या किए जाने का डर पैदा किया और दहशत में महिला से मंगलसूत्र व पर्स में रखे 600 रुपये ले लिए।
इसके बाद बदमाशों ने चाकू के बल पर महिला को बाइक पर बैठाकर उसके घर के पास पहुंचाया और धमकाते हुए घर में रखे सोने-चांदी के जेवर भी मंगवाकर अपने कब्जे में ले लिए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपी बनपुरवा-फत्तेपुर मार्ग पर किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी करके उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद अकरम और जावेद अख्तर उर्फ चिकना के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी चांदबाबू उर्फ ढल्ला भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुढ़पुर मछरिया, नौबस्ता निवासी मोहम्मद अकरम, जावेद अख्तर उर्फ चिकना और चांदबाबू उर्फ ढल्ला के रूप में हुई है। दोनों घायल आरोपियों को उपचार के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।






