
संवाददाता
कानपुर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसे में सीएनजी सिलिंडरों से लदे मिनी ट्रक के चालक की दबकर मौत हो गई।
बिल्हौर के अरौल थाना क्षेत्र में ओवरटेक करते समय वाहन अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब दस फीट गहरे गड्ढे में पलट गया।
मृतक चालक की पहचान औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के सराय तड़वा निवासी 50 वर्षीय अजब सिंह पुत्र लाखन सिंह के रूप में हुई है। वह रनिया से सीएनजी सिलिंडरों से लदा मिनी ट्रक लेकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया की ओर जा रहे थे। रास्ते में किसी वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में उनका मिनी ट्रक अनियंत्रित हो गया।
तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग तोड़ता हुआ दस फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के दौरान चालक अजब सिंह ने वाहन से कूदकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह मिनी ट्रक के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी शशिकांत मिश्रा, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। हाइड्रा की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन के नीचे से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को हाइड्रा की सहायता से हटाने का कार्य कराया गया।






