May 13, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है।  इस मामले में ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले मो. आसिफ कादरी ने साइबर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फैज आलम नामक व्यक्ति की फेसबुक आईडी से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, महापौर प्रमिला पांडेय, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी तथा विधायक नसीम सोलंकी समेत कई जनप्रतिनिधियों की आपत्तिजनक पोस्ट लगातार डाली जा रही हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार पांच मई से फेसबुक पर डाली जा रही इन पोस्टों से आम लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। उनका कहना है कि संबंधित पोस्टों के जरिए जनप्रतिनिधियों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है और समाज में गलत संदेश फैलाया जा रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया कि इस प्रकार की सामग्री से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। 

मो. आसिफ कादरी ने साइबर पुलिस से मामले की जांच करके संबंधित फेसबुक आईडी संचालक के खिलाफ  कार्रवाई करने की मांग की है। 

साइबर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त करके मामले की जांच शुरू कर दी है।