
संवाददाता
कानपुर। ककवन में सोशल मीडिया में एक युवती को तय शादी टूटने के बाद एक युवक द्वारा परेशान करने का मामला सामने आया है। युवती ने इस उत्पीड़न का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार, ककवन कस्बे के अरबाज पुत्र पप्पू नामक युवक का विवाह एक गांव की युवती से तय हुआ था। हालांकि, बाद में युवक के चरित्रहीन होने की बात सामने आने पर यह शादी तोड़ दी गई थी।
शादी टूटने के बावजूद, अरबाज ने युवती को परेशान करना बंद नहीं किया। युवती का आरोप है कि युवक लगातार उसे फोन करके अभद्र बातें कर रहा है और अन्य तरीकों से भी उसे परेशान कर रहा है।
इस घटना से परेशान होकर युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और छानबीन शुरू कर दी हैं। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी अरबाज को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।






