
संवाददाता
कानपुर। व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास तथा उद्यमशीलता विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने जनपद के विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण प्रयोगशालाओं, कक्षाओं और छात्र-छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों से संवाद करके उनकी समस्याएँ सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
संस्थानों के निरीक्षण के उपरान्त डॉ. हरिओम ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पाण्डु नगर, कानपुर में मंडलीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कानपुर मंडल के संयुक्त निदेशक आर.के. मौर्य, नोडल प्रधानाचार्य हरीश कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य मयंक मिश्रा, चन्दन चौरसिया, योगेश कुमार, एस.के. कमल सहित विभिन्न आईटीआई के प्रधानाचार्य, एमआईएस मैनेजर, प्रशिक्षण प्रदाता एवं डीडीयू-जीकेवाई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, अप्रेंटिसशिप, स्टाफ पोजीशन, ओडीओपी, भवन निर्माण एवं अनुरक्षण, पुस्तकालय व बुक बैंक की स्थिति, सीएसआर कार्यों और उपकरण आवश्यकताओं सहित प्रमुख बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी कर्मचारियों को निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। विद्यार्थी हमारे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनका हर दिन का प्रशिक्षण और बेहतर बनाने का प्रयास ही हमारी पहली जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य हरीश कुमार मिश्र की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि सभी अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों को मिलकर प्रदेश में कौशल विकास की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और ऊँचाई पर ले जाना होगा।






