February 18, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  शास्त्री नगर में डीजे पर डांस करने को लेकर हुए विवाद के बाद दबंग ने एक बुजुर्ग को गोली मार दी। इसके बाद साथियों के साथ मौके से भाग निकला। बुजुर्ग को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में एडमिट कराया गया है। फजलगंज थाने की पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। इसके साथ ही आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। वारदात के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार है।
फजलगंज थाना क्षेत्र के महेश्वरी चौक के पास नट बस्ती में रहने वाले दीपक के बेटे हार्दिक के मुंडन संस्कार की पार्टी चल रही थी। इस दौरान इलाके का दबंग ऋषि ठाकुर अपने दोस्तों के साथ जबरन पार्टी में घुस आया और डीजे पर डांस करने लगा।
पार्टी में मौजूद दीपक के रिश्तेदार रघुनाथ उर्फ शंभू  ने इसका विरोध किया और उसे डीजे से हटा दिया। इससे झल्लाया ऋषी तत्काल तो वहां से चला गया, लेकिन दोबारा फिर अपने दो साथियों के साथ वापस डीजे पर पहुंचा और डांस शुरू कर दिया।
रघुनाथ उर्फ शंभू ने जैसे ही उसका विरोध किया तो उसने  गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। फिर तमंचा लहराते हुए डांस करने लगा। शंभू ने जैसे ही पकड़कर उसे डीजे से नीचे उतारने का प्रयास किया तो उसने शम्भू को गोली मार दी। शंभू लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद ऋषि धमकी देते हुए वहां से भाग निकला।
सूचना पर काकादेव और फजलगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल को हैलट अस्पताल में एडमिट कराया। सीमा विवाद को लेकर काकादेव और फजलगंज थाने की पुलिस उलझी रही।बाद में फजलगंज थाने में शंभू के बेटे की तहरीर पर ऋषि ठाकुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। 

एसीपी स्वरूप नगर बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। 

Related News