March 10, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  एक प्रेम विवाह में प्रेम का अंत सिर्फ दहेज के चलते हो गया। युवक-युवती ने एक दूसरे से प्रेम विवाह किया था। जिसका परिणाम दुःखद रहा।

शादी के लिए लड़के के घरवाले तैयार नहीं थे।उन्हें किसी तरह से मनाया गया। दोनों ने मंदिर में शादी की थी, मगर अतिरिक्त दहेज के लालच में आकर आखिरकार युवक अपने परिवार वालों के साथ हो गया और विवाहिता पत्नी को ले जाकर उसके मायके में इस वायदे के साथ छोड़ दिया कि जल्द ही लिवा ले जाऊंगा। मगर वो लौटा नहीं।
जब विवाहिता के मायके वालों ने बात की, तो ससुराल वालों ने स्पष्ट कह दिया कि जब तक दहेज नहीं आएगा लड़की वहीं रहेगी।
काफी मनाने के बाद भी जब ससुराल वाले नहीं माने तो आखिरकार विवाहिता ने पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ गोविंद नगर थाने में दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज करा दी है।
दबौली निवासी दीपा कश्यप के मुताबिक गुजैनी निवासी किशन विश्वकर्मा से उसकी लव मैरिज हुई थी। दीपा के मुताबिक किशन के परिजन इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। मगर समझौता होने पर विवाह के लिए राजी हो गए। जिसके बाद दीपा और किशन ने आजाद नगर स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी रचा ली।
दीपा के मुताबिक सास ससुर, नंद नंदोई आदि विवाह से संतुष्ट नहीं थे। वो आए दिन उसे अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे।
दीपा को गालियां दी गई, उसके साथ मारपीट हुई। उसपर इस बात का दबाव बनाया जाने लगा कि अपनी मां से दहेज लेकर आओ क्योंकि उसके पिता राजू कश्यप का कुछ समय पहले देहांत हो चुका था।
दीपा ससुराल वालों के ताने यह सोचकर सहती रही कि जल्द ही सब ठीक हो जाएगा। दीपा के मुताबिक बड़ा झटका तब लगा, जब पति भी आए दिन उससे मारपीट कर दहेज की मांग करने लगा। दीपा ने फिर मां और अन्य मायके के लोगों से कुछ धनराशि लेकर पति को दे दी।
दीपा के मुताबिक पति दिल्ली में काम करते हैं। वो उसे अपने साथ दिल्ली ले गए और वहां ले जाकर उससे मारपीट करने लगे। यहां से जाने से पूर्व ससुराल वालों ने उसका सारा जेवर छीनकर अपने पास रख लिया था।
दीपा के मुताबिक इसके बाद पति उसे कानपुर लाया और उसके मायके में छोड़ गया। पति ने उससे कहा कि कुछ दिन यहां रहो फिर तुम्हें लिवा ले जाएंगे।
दीपा के मुताबिक इसके बाद वो नहीं लौटा। जब दीपा उसे फोन करती तो वो फोन नहीं उठाता था।
इंस्पेक्टर गोविंद नगर के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।