March 10, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
एक युवक ने चकेरी फ्लाईओवर से नोटों की बारिश दी। पहले उसने गरीबों के साथ केक काटा। फिर रुपए उड़ाए। रूपये लूटने वालों की भीड़ लग गई। सभी बच्चे, पुरुष और महिलाएं रूपये बटोरने के लिए दौड़े। युवक ने 50 हजार रुपए के 200-200 के नोट उड़ा दिए। इस पूरे घटनाक्रम का युवक ने वीडियो बनाकर एक्स पर पोस्ट कर दिया।
वायरल हुए वीडिओ में बैक ग्राउंड में संगीत बज रहा था। युवक कह रहा है कि पैसों की कमी नहीं है। खत्म होने पर बैंक से लाऊंगा। ये वीडियो वायरल हो रहा है।
वीडियो एक यूट्यूबर का है। वीडियो में मौजूद युवक खुद को जेद हिंदुस्तानी बता रहा है। आज उसका जन्मदिन है। वो इसके लिए गरीब बच्चों में पैसा बांटेगा।
वीडियो में ही वो अपने बैंक में फोन लगाता है। कह रहा है कि मुझे नए नोट चाहिए। बैंक कर्मी आना कानी करता है तो युवक कहता है कि बाहर तो एक हजार की गड्डी 1500 में मिल रही है बैंक में क्यों नहीं मिलेगी।
युवक बैंक कर्मी से कहता है कि मेरे पास यूट्यूब और फेसबुक का पैसा आता है। आपकी बैंक में नए नोट नहीं मिले तो अभी बैंक आ रहा हूं। अपना खाता बंद करा दूंगा।
इसके बाद वीडियो में वो अपनी बाइक से चकेरी स्थित इंडसइंड बैंक जाता है। वहां पर अंदर घुसकर थोड़ी देर में वीडियो में बैंक से बाहर आता दिखाई देता है। उसके हाथ में नोटों की गड्डी है।
वीडियो में यूट्यूबर चेक काटता हुआ भी दिख रहा है। वह अपने साथी से कह रहा है कि 50 हजार की चेक काट दो जरा। फिर कह रहा 60-70 जो मन आए काट दो। वह 50 हजार की ही चेक काटता है। इसके बाद यूट्यूबर बैंक जाता दिख रहा है। वहां नोट निकालता है। वीडियो में 200-200 के नोटो की पूरी गड्डी उड़ाते देखा जा सकता है।
वीडियो में दिख रहा है कि युवक पहले जेके कालोनी पहुंचता है। वहां फ्लाईओवर के नीचे मौजूद गरीब परिवार के साथ केक काटता है। फिर फ्लाईओवर पर जाकर नोटों की बारिश कर देता है। 

इंस्पेक्टर जाजमऊ अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि वीडियो की जानकारी नही थी। वीडियो को संज्ञान में लेकर यूट्यूबर का पता किया जा रहा है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।