February 5, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  शहरवासियों की सुख समृद्धि की कामना सहित विश्व शांति और कल्याण के लिए 1 जनवरी को श्री राधाकृष्ण टेंपल ट्रस्ट की ओर से जेके मंदिर में रुद्र यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 11 आचार्य रुद्र यज्ञ को संपन्न कराएंगे। यज्ञ में द्वारिकाधीश, कमलेश्वर मंदिर, गुरुकुल के आचार्य व 7 छात्र शामिल होंगे। यज्ञ में 5100 आहुतियां दी जाएंगी, जिसमें आमजन की भी सहभागिता होगी।
जेके मंदिर के प्रबंधक पकंज मिश्र व नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि 1 जनवरी को रुद्र यज्ञ का मंदिर परिसर में आयोजन किया जाएगा। जिसमें भगवान शिव के पूजन व अभिषेक के बाद वास्तु पूजन, योगनी पूजन, नवग्रह पूजन, क्षेत्रपाल, कुंडपूजन, सर्वतोभद्र पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया जाएगा। यह अनुष्ठान दोपहर 12 बजे से शुरू होगा, जो 4 बजे तक चलेगा।
इस अनुष्ठान में पनकी धाम, आनंदेश्वर मंदिर, सुधांशु आश्रम, इस्कॉन समेत शहर के सभी प्राचीन मंदिरों के संत महंत के साथ आश्रम से 21 योगाचार्य भी आयोजन में हिस्सा लेंगे। यज्ञ संपन्न कराने में मुख्य आचार्य संतोष कुमार झा के साथ द्वारिकाधीश व कमलेश्वर मंदिर के आचार्य हिस्सा लेंगे। मंदिर में स्थित गुरुकुल के आचार्य अजय त्रिपाठी छात्रों के साथ शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि गौ पूजन यज्ञ का विशेष आकर्षण का केंद्र होगा, जिसमें मंदिर की गौशाला के सभी गोवंशों का विधि विधान से पूजन अर्चन किया जाएगा। दोपहर 3 से 4 बजे तक 5100 आहुतियां दी जाएंगी, जिसमें शहर के सभी जनप्रतिनिधियों व आमजन से शामिल होने की अपील की गई है।