
संवाददाता।
कानपुर। नगर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र में देर रात एक कार और दुकान में आग लग गई। इसके बाद मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। वीआईपी रोड स्थित एक गुमटी में आग लगी थी, जहां ऑटो पार्ट्स का काम किया जाता था। दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया और कार भी पूरी तरह से जलकर राख हो गई। कोई भी जनहानि नहीं हुई है। ग्वालटोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत वीआईपी रोड की विक्टोरिया मिल के पास गुरुवार रात तकरीबन 2 बजे आग लग गई। फायर ब्रिगेड को सूचना के बाद मौके पर जाकर देखा गया कि एक सेंट्रो कार और एक गुमटी नुमा दुकान इसमें ऑटो स्पेयर पार्ट्स का काम किया जाता था दोनों ही धू-धूकर जल रही है। आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। दमकल की गाड़ी ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। एफ़एसएसओ प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया की कर्नलगंज फायर ब्रिगेड और लाटूश रोड फायर ब्रिगेड से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि दुकान में रखा ऑटो स्पेयर्स पार्ट्स का सामान जलकर राख हो गया। कार भी पूरी तरह से जलने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई। कोई भी जनहानि नहीं हुई है।










