February 19, 2026

तारीख पर कोर्ट आए विधायक इरफान सोलंकी पुलिस पर भडके, पुलिस लाइन में बिठाकर  रखे गए, खुद  को जानवर -जानवर कहकर चिल्लाए।

कानपुर। जाजमऊ आगजनी मामले में सीसामऊ  विधायक इरफान सोलंकी के मामले में कोर्ट का फैसला पांचवीं बार एक बार फिर टल गया है। एमपीएमएलए सेशन कोर्ट के विशेष न्यायाधीश सत्येंद्र नाथ त्रिपाठी ने दोबारा सुनवाई के लिए छह अप्रैल की तारीख नियत कर दी है। जाजमऊ की डिफेंस कॉलोनी में स्थित एक प्लॉट में रहने वाली नजीर फातिमा के घर में सात नवंबर 2022 को आग लग गई थी। मामले में इरफान, रिजवान, मो. शरीफ, शौकत अली व इजराइल आटे वाला के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई चल रही थी। इरफान के अलावा रिजवान, शौकत अली व इसराइल आटे वाला कानपुर जेल में ही बंद हैं। वहीं, जमानत मिलने के बाद मोहम्मद शरीफ की जेल से रिहाई हो चुकी है, अभियोजन और बचाव पक्ष की बहस  एक मार्च को पूरी हो गई थी।

इसके बाद कोर्ट ने फैसले के लिए 14 मार्च की तारीख नियत की थी। 14 को शरीफ और शौकत को नई जमानतें दाखिल करने के लिए समय दिया गया था और 19 मार्च की तारीख नियत कर दी गई थी।19 मार्च को न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण फैसला टल गया था और 22 मार्च की तारीख फैसले के लिए नियत की गई थी।

बहस सुनने के बाद 14 दिन में फैसला न सुना पाने के कारण फाइल दोबारा बहस पर चली गई थी और 22 मार्च को कोर्ट ने दोनों पक्षों की दोबारा संक्षिप्त बहस सुनकर फैसले के लिए 28 मार्च की तारीख नियत की थी। 28 मार्च को अदालत ने आदेश पूरा न लिखे जा पाने के कारण फैसले के लिए चार अप्रैल की तारीख नियत कर दी थी। गुरुवार को फिर कोर्ट ने फैसले के लिए छह अप्रैल की तारीख दोबारा सुनवाई के लिए नियत कर दी है।  इरफान सोलंकी और रिजवान सोलंकी समेत सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए और फैसला आने की संभावना पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं विधायक ने अपने को जानवर तक कह डाला और पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कहीं मेरी भी खबर हार्ट अटैक की न आ जाये। महाराजगंज जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी को भारी सुरक्षा के बीच गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान आरोपी विधायक के भाई रिजवान समेत अन्य भी पेश हुए। संभावना थी कि कोर्ट आज फैसला सुना देगी, जिसको लेकर अतिरिक्त पुलिस बल कोर्ट परिसर में लगाया गया था, लेकिन कोर्ट ने अगली तारीख छह अप्रैल कर दी। इससे पहले भी कोर्ट ने मामले में फैसला सुनाने को लेकर 14 मार्च फिर 19, 22 और 28 मार्च की तारीख दी थी, लेकिन चारों तारीखों पर फैसला टल गया। उम्मीद है कि कोर्ट अब छह अप्रैल को फैसला सुना सकती है। इस दौरान विधायक इरफान सोलंकी से मीडियाकर्मियों से वार्ता करने का प्रयास किया तो विधायक अपने को जानवर जानवर कहकर चिल्लाने लगे । इसके बाद जब पूछा गया आप ऐसा क्यों कह रहे हो तो उन्होंने  कहा कि मैं जज की पेशी में आया हूं लेकिन पुलिस कमिश्नर के आदेश पर पुलिस पहले पुलिस लाइन ले गई और दो घंटे तक वहां रखा। इसका जवाब आप लोग पुलिस कमिश्नर से लीजिये कि ऐसा क्यों किया गया मैं पुलिस पेशी में नहीं आया कि जहां मन चाहे पुलिस ले जाये। यह भी आशंका जताई कि कहीं पुलिस यह न कह दे कि मुझे भी हार्ट अटैक आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News