संवाददाता कानपुर। शुक्लागंज में गंगाघाट थानाक्षेत्र में शराब पार्टी के बाद नशेबाजी कर रहे दोस्त ने तमंचे से हर्ष फायरिंग की। इस दौरान गोली उसके साथी के पेट में जा लगी। इस पर सभी के हाथ पैर फूल गए। दोनों दोस्त लहुलूहान हालत में साथी को लेकर उर्सला अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने गोली लगने का मामला देखकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इस पर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पांडेय ने घायल युवक के दोनों साथियों को हिरासत में लेने के साथ ही गंगाघाट थाना पुलिस को सूचना दी।
शुक्लागंज निवासी अजय सविता देर रात अपने दोस्त सुमित दीक्षित के साथ शराब पार्टी कर रहा था। तभी उसका दोस्त विजय कश्यप आया और पार्टी में चलने को कहा। अजय का अपने दोस्त विजय से करीब 6 माह पूर्व नशेबाजी को लेकर विवाद हुआ था, हालांकि इसके बावजूद वह सुमित के साथ चला गया। विजय कश्यप दोनों को शुक्लागंज बिंदा नगर स्थित सरोज मैरिज हाल ले गया, जहां सभी ने खाना खाने के साथ ही शराब पी।
गेस्ट हाउस के बाहर निकलकर विजय कश्यप ने तमंचा निकालकर हर्ष फायरिंग की तभी गोली अजय सविता के पेट में जा लगी और वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना से अफरातफरी मच गई और लोग भाग निकले। किसी तरह विजय कश्यप और सुमित दीक्षित घायल अजय को लेकर उर्सला अस्पताल पहुंचे।
युवक को गोली लगने की बात सुनकर इमरजेंसी में मौजूद डाक्टरों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी तो थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि घटना शुक्लागंज में हुई है। घायल को उसके दोनों दोस्त लेकर उर्सला आए थे, जो काफी नशे में थे। गंगाघाट पुलिस को इसकी सूचना दी गई है जांच करके कार्रवाई की जाएगी






