June 25, 2026
संवाददाता 
कानपुर। रावतपुर और कल्याणपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नर्स, छात्रा और ट्यूशन टीचर पर चिपचिपा पदार्थ फेंककर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को घटना में प्रयुक्त साइकिल के साथ दबोच लिया गया। उसके कब्जे से दो बोतल ज्वलनशील तरल पदार्थ, एक बैग और 510 ग्राम चरस भी बरामद हुई है।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के अनुसार, शनिवार को रावतपुर क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रही एक नर्स पर नौ नंबर क्रॉसिंग के पास अज्ञात युवक ने चिपचिपा पदार्थ फेंक दिया था। इसके कुछ समय बाद एक छात्रा भी इसी तरह की घटना का शिकार हुई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही थी कि रविवार को कल्याणपुर क्षेत्र में एक ट्यूशन टीचर के साथ भी ऐसी ही वारदात हो गई।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद रावतपुर और कल्याणपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध की पहचान करने में जुट गई।
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एल्डिको  के पीछे जवाहरपुरम क्षेत्र में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में उसकी पहचान शारदानगर निवासी दिलशाद के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त साइकिल, दो बोतल जलनशील तरल पदार्थ, एक पिट्ठू बैग और 510 ग्राम चरस बरामद की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिलाओं पर चिपचिपा पदार्थ फेंकता था क्योंकि उसे ऐसा करने में “मजा आता था”। आरोपी के इस बयान के बाद पुलिस उसके मानसिक व्यवहार और आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के पास से 510 ग्राम चरस भी बरामद हुई है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग से विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले शहर के अन्य इलाकों में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम तो नहीं दिया है।
नर्स, छात्रा और ट्यूशन टीचर पर पदार्थ फेंके जाने के बाद उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया था। पुलिस के अनुसार जांच में किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं पाई गई। हालांकि, लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *