
संवाददाता
कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और बाइक लूट के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से आरोपी के दोनों पैर जख्मी हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
साढ़ थाना पुलिस सोमवार सुबह दरगाही लाल नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कस्बा साढ़ की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख आरोपी ने बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश की। तेज रफ्तार में बाइक फिसलने से वह गिर गया।
खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पहचान आशीष उर्फ काशी के रूप में हुई।
पूछताछ में पता चला कि आशीष ने साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में एक दंपति पर हमला कर उनकी बाइक लूटी थी।
घायल को पहले भीतरगांव सीएचसी ले जाया गया, फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है।
घाटमपुर एसीपी कृष्णाकांत ने बताया कि बाइक लूट की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।






