July 1, 2026

तारीख मिलते ही अन्य व्यवस्थाओ को दिया जाएगा अंतिम रूप।



संवाददाता
कानपुर।  पीएम मोदी के जुलाई में प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठन ने कोर कमेटी की बैठक करके कार्यक्रम की रणनीति और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।
कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि दौरे की तारीख तय होते ही स्वागत, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रधानमंत्री के इस दौरे में शहर को कई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा ने पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में कोर कमेटी की बैठक की। बैठक में कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। किस कार्यकर्ता को कौन-सी जिम्मेदारी दी जाएगी और किस टीम को कौन-सा काम संभालना होगा, इसका खाका तैयार किया गया।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने कहा कि संगठन ने सभी तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी हैं, ताकि कार्यक्रम की तारीख घोषित होने के बाद किसी तरह की जल्दबाजी न करनी पड़े। तारीख तय होते ही स्वागत, सुरक्षा समन्वय, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं के पहुंचने, बैठने, आवागमन, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
संगठन ने कार्यक्रम में 3 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाने की योजना बनाई है। ये कार्यकर्ता स्वागत, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा का लक्ष्य प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को पूरी तरह व्यवस्थित और सफल बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *