May 16, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
नगर में तापमान अब तेजी से नीचे गिरने लगा  हैं। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कानपुर में ठंडी हवाएं आना शुरू हो गई हैं। पिछली रात का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। आज सुबह हल्का कोहरा भी रहा था। लेकिन बाद में कुछ धूप निकली, लेकिन बहुत असरदार नहीं थी ।
आज पश्चिमी विक्षोभ का भरपूर असर देखने को मिला। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने लगी हैं, जिससे सर्द हवाएं भी  मैदानों में आने लगी हैं। इसका परिणाम यह है कि रात में सर्दी का अहसास बढ़ गया है।
नगर में पिछली रात का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले न्यूनतम पारा 10.2 डिग्री  तक पहुंच चुका है। लेकिन पिछली रात का पारा सामान्य से कम रहा। जबकि अधिकतम तापमान में कुछ वृद्धि हुई और पारा 26.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से अधिक रहा। आगे इसके गिरने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का अनुमान है कि मौसम अपने पूरे चरम पर दिसंबर के तीसरे सप्ताह से  चौथे सप्ताह तक आ सकता है। जलवायु में परिवर्तन के कारण इस सीजन में उतार-चढ़ाव अधिक संभव है। अगले दो दिन तक मौसम बेहद सर्द रहेगा। इसके बाद कुछ समय के लिए रात में सर्दी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन फिर तेज सर्दी शुरू हो जाएगी।
आज ही एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ों पर पहुंचेगा। दो पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक तेजी से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से होकर गुजरने वाले हैं। इन दोनों विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर के पहलगाम, गुलमर्ग, सोनमर्ग क्षेत्र में अगले चार दिन तक ताजा बर्फबारी होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि श्रीनगर, अवंतीपुर, शोपियां आदि निचले पहाड़ी इलाकों में अगले दो दिन में हल्की बारिश हो सकती है।

Related News