आ स. संवाददाता
कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल आफ़ लैंग्वेजेज के हिंदी विभाग में विश्व हिन्दी दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाषा संकाय के छात्र और छात्राओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।
हिंदी दिवस कार्यक्रम में निदेशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को हिंदी की वैश्विक और व्यावहारिक पहचान से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि हिंदी एक भाषा ही नहीं हमारी संस्कृति और संस्कार की संरक्षक भी है। हिंदी भाषा वह वृक्ष है जिसे हमें अपने व्यवहार के जल से सींचना होगा। हिंदी सुरक्षित रहेगी तो हम सुरक्षित रहेंगे और हमारा राष्ट्र सुरक्षित होगा ।
इस कार्यक्रम में डा. प्रभात गौरव मिश्र ने भाषा के व्यवहार की ताकत से अवगत कराते हुए बताया कि हिंदी से भारतीय संस्कृति और संस्कारों को वैश्विक ताकत मिलती है।
इस कार्यक्रम का संचालन करते हुए हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. श्रीप्रकाश ने विश्व हिन्दी दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। डॉ. सोम ठाकुर ने हिंदी वंदना कविता का पाठ किया। इस कार्यक्रम में कई छात्र- छात्राओं ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का समापन करते हुए डॉ. प्रीति वर्धन दुबे ने इस कार्यक्रम में उपस्थित डॉ.लक्ष्मण कुमार समेत सभी शिक्षक आचार्यों व छात्र – छात्राओं का धन्यवाद दिया। इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. विकास कुमार यादव ने किया।