
आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर के थाना महाराजपुर क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की निवासी एक महिला ने अपने पति के दोस्त पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। आरोप लगाने वाली पीड़िता ने महाराजपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत दर्ज की है।
इसके बाद पीड़िता की तहरीर के आधार पर महाराजपुर पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पति शेखपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते हैं। जहां पर शेखपुर निवासी अतुल निषाद भी काम करता है। आरोपी के पति से अतुल की दोस्ती के चलते उसका घर पर आना-जाना था।
आरोपी ने उसके पति के मोबाइल से चुपके से उनकी फोटो निकाल ली। जिसके बाद से आरोपी महिला से आए दिन छेड़खानी करने लगा। महिला के विरोध करने पर आरोपी उन फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया में अपलोड कर देने की धमकी देता है। जिससे तंग आकर उसने महाराजपुर थाने पहुंच कर पुलिस से शिकायत की।
इस सम्बंध में महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।