May 23, 2026

भारी वाहन हो जाते अनियंत्रित, फिसलते बाइक सवार।

संवाददाता
कानपुर।  नगर से प्रयागराज जाने वाले नेशनल हाईवे पर महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल कस्बे के पास लगभग 200 मीटर लंबी नालीदार सड़क राहगीरों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं, वहीं भारी वाहन भी अनियंत्रित हो जाते हैं।
फतेहपुर से कानपुर जाने वाली लेन में ओवरब्रिज के अंतिम छोर पर सड़क का डामर तेज गर्मी और भारी वाहनों के दबाव के कारण पिघल गया है। इससे सड़क पर गहरी धारियां और नालीनुमा गड्ढे बन गए हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है। रात के समय यह हिस्सा और भी खतरनाक हो जाता है, क्योंकि दूर से सड़क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं दिखती।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के अनुसार, पिछले कई दिनों से इस मार्ग पर लगातार छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। कई बाइक सवार चोटिल हो चुके हैं, जबकि तेज रफ्तार ट्रक और डंपर भी सड़क की खराब सतह के कारण अनियंत्रित होते देखे गए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होने के बाद पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देंगे, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
इस हाईवे से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत अब तक नहीं कराई गई है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण  से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News