
संवाददाता
कानपुर। तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश से पूरे शहर की लाइट काट दी गई। पूरे शहर में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई। करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली। कई स्थानों पर पेड़ भी गिर गए। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक 15 मिमी की बरसात दर्ज की गई। नम व तेज हवाओं ने अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस कमी ला दी। तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नम हवाएं आना शुरू हो गई हैं। माश्चर फीड पर्याप्त मात्रा में आने से स्थानीय स्तर पर प्री-मानसून बारिश के लिए स्थितियां अनुकूल हो गई हैं।
पिछले दिन भी तेज हवाएं चलती रहीं, इससे धूप निकलने के बाद भी तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। रात में बादलों की आवाजाही के चलते न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़कर 28 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि रात में हुई आंधी-बारिश ने गर्मी को पूरी तरह दूर कर दिया। हवा में नमी का प्रतिशत बढ़कर 77 तक पहुंच गया है।
कानपुर में अधिकतम तापमान भले ही सामान्य से नीचे आ गया है। लेकिन नमी के चलते हीटइंडेक्स वाली स्थिति बन रही है। गर्मी की फीलिंग 43 से 44 डिग्री वाली ही होगी।
हीटइंडेक्स वाली स्थिति में बॉडी अपना टेंप्रेचर मेंटेन नहीं कर पाती है और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इसमें बेहोशी तक आ जाती है। इससे बचने के लिए पानी लगातार पीते रहे।