April 26, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
शहर के औद्योगिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में अपना ऐतिहासिक योगदान देने वाले उद्योगपति लाला कमलापत सिंघानिया को श्रद्धांजलि देने के लिए कानपुर नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नगर निगम ने जरीब चौकी से विजय नगर तक की सड़क का नाम बदलकर कमलापत सिंघानिया रोड रखने की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह प्रस्ताव जेके ऑर्गेनाइजेशन के निदेशक अभिषेक सिंघानिया द्वारा 15 जनवरी 2024 को नगर निगम को भेजे गए अनुरोध के माध्यम से प्रस्तुत किया गया था। इसे नगर निगम ने सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए अपनी स्वीकृति प्रदान की है।
लाला कमलापत सिंघानिया केवल एक सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि वे समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, स्वदेशी आंदोलन और राष्ट्रनिर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्व थे।
उन्होंने ऐसे समय में स्वदेशी उद्योगों की स्थापना की जब देश को आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता थी। उनके द्वारा स्थापित जेके ग्रुप न केवल आर्थिक दृष्टि से एक सशक्त इकाई बना, बल्कि उसने हजारों लोगों को रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के अवसर भी प्रदान किए।
नगर निगम के इस निर्णय पर जेके ग्रुप ने कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त सुधीर गहलोत सहित समस्त प्रशासनिक अधिकारियों को धन्यवाद दिया है । 

जेके समूह की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि हम कानपुर नगर निगम और जिला प्रशासन के इस ऐतिहासिक एवं भावनात्मक निर्णय के लिए हृदय से आभारी हैं। 

कमलापत सिंघानिया रोड का नामकरण लाला जी के जीवन मूल्यों, परिश्रम, समर्पण और समाज सेवा की अमर स्मृति को शहर की आत्मा से जोड़ता है।
यह नाम न केवल उन्हें सम्मान देता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा। इस रोड का सौंदर्गीकरण जे के समूह द्वारा किया जाएगा।