आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर के साथ ही पूरे यूपी में ठंड और कोहरे का सितम जारी है। सुबह से प्रदेश के सभी 75 जिलों में कोहरा छाया हुआ था। नोएडा में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई थी। आगरा का ताजमहल 20 मीटर दूर से ही नहीं दिख रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार कल 48 जिलों में बारिश हो सकती है। तेज हवाओं के साथ ओले भी गिरने की आशंका है।
कानपुर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज हुआ। 38 जिलों में कोल्ड-डे रहा। प्रयागराज में विजिबिलिटी शून्य पहुंच गई।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि आज हल्की धूप निकलेगी, जिससे बर्फीली हवाएं चलेंगी। इससे रात के पारे में हल्की गिरावट आएगी। शनिवार से पुरवा हवाएं चलने लगेगी जिससे मौसम में बदलाव आएगा ।
डॉ. एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। रातें बेहद सर्द होंगी। हालांकि, यह ठंडा मौसम ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगा, क्योंकि नया पश्चिमी विक्षोभ तापमान में परिवर्तन भी लाएगा।