June 20, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  चिड़ियाघर गेट के बाहर बेजुबान लंगूर बंदर के बच्चे को कोई अनजान व्यक्ति पिंजरे में छोड़कर चला गया था। पूरे दिन गेट के पास पिंजरा रखा रहा, तो गेट पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने पिंजरे को उठाया और जैसे ही पिंजरे को खोला तो लंगूर उसकी गोद बैठ गया। गार्ड ने इसकी सूचना चिड़ियाघर प्रशासन को दी, इसके बाद प्राणी उद्यान के उपनिदेशक और पशु चिकित्सा अधिकारी उस मासूम लंगूर को बच्चे की तरह पाल रहे हैं।
मासूम लंगूर का बच्चा मानो अनाथ हो गया है। क्योंकि वह अपनी मां की गोद को मिस कर रहा है। इसलिए उसे पिंजरे में रात-रात भर नींद नहीं आ रही है। लेकिन जब वह डॉ. अनुराग सिंह की गोद में बैठता है तो अपनी नींद पूरी कर लेता है। पशु चिकित्सा अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया की यह मासूम लंगूर अपनी मां से बिछड़ गया है। इसलिए वह उसकी गोद को मिस कर रहा है। हम उसे बच्चों की तरह बोतल से दूध दे रहे हैं।

अनाथ बच्चों की तरह कोई इसे चिड़ियाघर के बाहर गेट पर छोड़कर चला गया था। उन्होंने बताया कि गेट पर मौजूद सिक्यूरिटी गार्ड विनोद ने बताया कि जब उसने पिंजरे में लंगूर को दिखा, सूचना देने के बाद उसे खोला तो मासूम लंगूर का बच्चा पिजरें से निकलते ही उसकी गोद में चिपक गया।
मां से बिछड़े मासूम लंगूर को देखकर तरस आता है, उसके चेहरे के भाव से ही लगता है जैसे कि वह किसी अपने की तलाश में है। यह मासूम नन्हे बच्चों के साथ भी घुल मिल नहीं रहा है। हालांकि उसे अभी पशु चिकित्सा अधिकारी देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब इसे लाया गया था, तो यह बीमार था। इसे दस्त और उल्टियां हो रही थीं। इलाज के 12 घंटे के भीतर ही इसे आराम मिल गया। लेकिन 72 घंटे होने के बाद भी मानसिक और भावनात्मक रूप से उसे अभी काफी दिक्कत है। इसलिए वह रात में सो नहीं पा रहा है, और जब अनुराग सिंह की गोद में आ जाता है, तो सुकून से एक-दो घंटे की नींद पूरी कर लेता है। अनुराग सिंह भी उसे बिल्कुल बच्चों की तरह देख रहे हैं। तबीयत में सुधार होते ही उसे फल, चिप्स और दूध दिया जा रहा है।

डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि मासूम लंगूर का नाम हनु रखा गया है। इसका नाम हनु इसलिए रखा गया। क्योंकि यह मेल लंगूर है इसलिए हनुमान जी के नाम से मिलता-जुलता नाम इसका नाम हनु रख दिया गया। इसका नाम लेते ही यह इधर-उधर देखने लगता है। लेकिन पिंजरे से निकलने के बाद केवल गोद में बैठना ही पसंद कर रहा है और मां की गोद की कमी महसूस कर रहा है ।