January 18, 2026

संवाददाता
कानपुर।
मुंबई से कानपुर आ रही इंडिगो की उड़ान से एक महिला यात्री का बैग गायब हो गया। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ महंगे ब्रांडेड कपड़े रखे थे। कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पहुंचने पर महिला को बैग गायब होने की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल एयरलाइंस कंपनी के कर्मचारियों को सूचना दी गई।
एयरपोर्ट पर करीब दो घंटे तक बैग की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। एयरपोर्ट अधिकारियों ने आशंका जताई है कि संभवत: कोई अन्य यात्री गलती से बैग ले गया होगा।

कानपुर के शारदा नगर निवासी सेवानिवृत्त नेवी अधिकारी सीपी सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह, मां यशराणा सिंह और परिवार के अन्य सदस्य 24 दिसंबर को मुंबई में रहने वाली बहन रचिता के घर गए थे।
प्रतिभा सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर को वे परिवार के साथ इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई से कानपुर लौट रहे थे। उनके पास कुल आठ बैग थे, लेकिन चकेरी एयरपोर्ट पर एक बैग कम मिला। विमान के भीतर भी तलाश की गई, लेकिन बैग का पता नहीं चल सका।
परिजन रचिता ने एयरलाइंस स्टाफ से बैग गुम होने की शिकायत दर्ज कराई। रचिता के अनुसार, मुंबई में की गई खरीदारी का अधिकांश सामान उसी बैग में था। इसमें बच्चों के साथ-साथ उनके अपने महंगे ब्रांडेड कपड़े भी रखे हुए थे।
चकेरी एयरपोर्ट के डायरेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बैग किसने लिया है। उन्होंने कहा कि विमान में सवार हर यात्री का विवरण एयरलाइंस कंपनी के पास उपलब्ध होता है, जिससे बैग बरामद करने में मदद मिल सकती है।
यह पहली बार नहीं है जब चकेरी एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट से जुड़ी समस्या सामने आई हो। इससे पहले 21 सितंबर को दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान विमान में चूहा मिलने के कारण करीब तीन घंटे देरी से रवाना हुई थी। हाल ही में मधुमक्खियों के विमान के आसपास मंडराने से भी यात्रियों ने नाराजगी जताई थी।
यात्रियों का कहना है कि पिछले चार महीनों में इंडिगो की उड़ानों से जुड़ी ऐसी तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे एयरलाइंस की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

Related News