January 20, 2026

संवाददाता 

कानपुर। नववर्ष के अवसर पर शहर के प्रसिद्ध आनंदेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। मंदिर प्रशासन द्वारा नववर्ष के उपलक्ष्य में चारों प्रहर की पूजा-आरती की समय सारिणी जारी कर दी गई है, ताकि श्रद्धालु सुव्यवस्थित रूप से भगवान शिव के दर्शन एवं पूजन का लाभ प्राप्त कर सकें।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, नववर्ष के दिन प्रातः काल से ही श्रद्धालुओं का आगमन प्रारम्भ हो जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे दिन चारों प्रहर की आरती विधिवत रूप से संपन्न कराई जाएगी। 

सर्वप्रथम मंगला आरती प्रातः 4  बजे पूजा आरम्भ होने के साथ शुरू होगी, जो प्रातः 5 बजे आरती सम्पन्न होने तक चलेगी। इस आरती में भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया जाएगा।इसके पश्चात दिन के दूसरे प्रहर में भोग आरती का आयोजन किया जाएगा।  12:30 बजे  दोपहर को भगवान की भोग आरती शुरु होगी इसके बाद भक्तों के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। सांध्य आरती के लिए पूजा सायं 7:30 बजे प्रारम्भ होगी दिन की अंतिम आरती के रूप में शयन आरती रात्रि 10:30 बजे से आरम्भ होकर रात्रि 12:00 बजे तक सम्पन्न होगी। शयन आरती के पश्चात भगवान को विश्राम कराया जाएगा। मंदिर के महंत अरुण भारती ने बताया कि इस दौरान झांकी दर्शन सतत चलता रहेगा, जिससे श्रद्धालु देर रात्रि तक दर्शन का लाभ ले सकेंगे।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सारिणी का पालन करें, शांति एवं अनुशासन बनाए रखें तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। नववर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बाबा आनंदेश्वर महादेव के दरबार में नववर्ष का यह आयोजन भक्तों के लिए आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष केंद्र बनेगा।

Related News