January 18, 2026

संवाददाता
कानपुर।
प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के एसआईआर के बाद होने वाले चुनावों में सपा का सुपड़ा साफ होने वाले बयान के बाद सपा के विधायक भी सामने आ गए हैं। आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और कैंट विधायक हसन रुमी ने एसआईआर के बाद भाजपा के वोटों के नुकसान की बात कही।
आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने शायराना अंदाज में कहा कि मन बहलाने को गालिब ख्याल अच्छा है। कोई इसमें खुशफहमी में रहे तो अलग बात है। एसआईआर में भाजपा के वह वोट कट गए हैं जो उनके लोग घूम-घूमकर अलग-अलग स्थानों पर डालते थे। इसका नुकसान भाजपा को होगा।
पूरे प्रदेश में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम घटे हैं। सपा अपनी चिंता करने के लिए सक्षम है। हमारे पीडीए प्रहरी एसआईआर में हर बूथ पर सक्रिय रहे हैं। यह इनका कुछ दिन का मुगालता है। इसमें यह लोग खुश रह लें। जो स्थितियां बनी हैं, उसके हिसाब से इनका सुपड़ा अगले विधानसभा चुनाव में साफ हो जाएगा।
मेरी विधानसभा में 94 हजार वोट कटा है। मेरे क्षेत्र के कई हातों में भाजपा ने फर्जी एसआईआर फार्म भरवाकर वोट बढ़ाए हैं। 31 के बाद ड्राफ्ट रोल जारी होने के बाद हम आपत्ति दर्ज कराएंगे और सारा गलत वोट कटवाएंगे।
कैंट विधायक हसन रुमी ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के बयान पर कहा कि एसआईआर को इन्होंने पॉलिटिकल टूल बना लिया है क्या? एसआईआर के सहारे बार बार धमकी देते हैं कि सुपड़ा साफ कर देंगे। अरे मतदाताओं के बीच जाओ, विकास करो, लोक जनहित की योजनाएं लाओ। कानून व्यवस्था ठीक करो। धमकी दे देकर इतने दिन राज तो कर ही लिया है।
अबकी बार इनकी धमकी में जनता आने वाली नहीं है। 2027 मे पता चलेगा कि सुपड़ा किसका साफ होगा। हम लोग जमीनी तैयारी करते हैं। यह लोग धमकी की तैयारी करते हैं। जनता इनको जवाब देगी। 

Related News