April 15, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष मतदाता अभियान दिवस का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ना, त्रुटियों को सुधारना और दावे-आपत्तियों का समय पर निस्तारण करना था। क्षेत्र के सभी बूथों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

उपजिलाधिकारी नरवल एवं ईआरओ महाराजपुर विवेक कुमार मिश्रा ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मतदाताओं के नियमित संपर्क में रहें, उन्हें सही जानकारी दें और अधिक से अधिक पात्र लोगों से आवेदन पत्र भरवाएं।

एसडीएम ने यह भी कहा कि सभी प्राप्त प्रपत्रों का नियमानुसार और समय पर निस्तारण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने में कठिनाई हो, तो वे व्यक्तिगत रूप से सहायता करें, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दें और आवेदन पूरा करने में मार्गदर्शन करें।

अभियान के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम और पते में संशोधन, तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने से संबंधित दावे-आपत्तियां प्राप्त की गईं। अधिकारियों ने व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग बूथों तक पहुंचें और अपने मताधिकार से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर सकें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से इस विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।

Related News