• कूड़ा प्रबंधन और वर्मी कंपोस्ट उत्पादन के लिए मिली सराहना।

संवाददाता
कानपुर। बिधनू विकास खंड की ग्राम पंचायत रमईपुर ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत कूड़ा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य किया है। इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों ने ग्राम प्रधान और सचिव की सराहना की है। रमईपुर ग्राम पंचायत ने जिले में एक नई मिसाल कायम की है।
यहाँ पर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि ग्राम पंचायत ने ठोस कचरे से लगभग 5000 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला वर्मी कंपोस्ट तैयार किया है। उच्चाधिकारियों ने इस वर्मी कंपोस्ट को किसानों तक पहुंचाने के लिए उद्यान विभाग और वन विभाग से समन्वय स्थापित करके इसे शीघ्र बेचने के निर्देश दिए। इससे पंचायत को अतिरिक्त आय होगी और जैविक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा।
अधिकारियों ने ग्राम पंचायत में चल रही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कूड़ा कलेक्शन का कवरेज ग्राम पंचायत के सभी घरों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी घर इस सुविधा से वंचित न रहे।
रमईपुर के इस मॉडल को देखते हुए, अधिकारियों ने विकास खंड की अन्य ग्राम पंचायतों को भी इसी आधार पर वर्मी कंपोस्ट यूनिट स्थापित करने और खाद तैयार करने के निर्देश दिए। इससे पूरे ब्लॉक में कचरा निस्तारण और जैविक खाद उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
ग्राम पंचायत में बने प्लास्टिक वेस्ट कलेक्शन सेंटर के बेहतर संचालन के लिए भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने एकत्रित प्लास्टिक के निस्तारण हेतु रीसाइक्लिंग एजेंसियों से अनुबंध स्थापित करने को कहा, ताकि प्लास्टिक कचरा गांव में जमा न हो और उसका उचित प्रबंधन हो सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुभव जे. जैन, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन विक्रम शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार पटेल, सचिव अनिल कुमार, प्रधान पति संग्राम सिंह यादव और बीसी मनीष कुमार सहित क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्राम प्रधान और सचिव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में रमईपुर अन्य ग्राम पंचायतो के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।






