June 16, 2025

आज़ाद संवाददाता
कानपुर।  फीलखाना थाना क्षेत्र के भगवत दास घाट में गंगा नहाने गया किशोर पानी में डूब गया। तीन भाई एक साथ गंगा नहा रहे थे। अचानक एक गड्‌ढे में जाने के बाद तीनों डूबने लगे। इसी बीच नाव वालो ने देखा तो उन्हें बचाने के लिए दौड़े और दो लोगों को बचा लिया। लेकिन तीसरे का शव घाट से करीब 500 मीटर दूरी पर पाया गया 

भगवतदास घाट निवासी स्व. मनोज कुमार का बेटा निखिल कुमार हाई स्कूल का छात्र था। परिवार में मां शोभा देवी, छोटा भाई अखिल कुमार, बहन खुशी और पूजा हैं। भाई बहनों में निखिल सबसे बड़ा था।
निखिल अपने भाई अखिल और ममेरे भाई अंकित के साथ भगवतदास घाट पर खेलने के लिए गया था। खेल-खेल में तीनों लोग गंगा नहाने लगे। इसी बीच पैर फिसला और तीनों लोग एक साथ गंगा में डूबने लगे।
तीनों लड़के डूबते समय शोर मचाने लगे। शोर सुनकर पास में मौजूद दो नाव वाले मौके पर पहुंचे और उन्होंने अंकित और अखिल को बचा लिया। उन्होंने निखिल को भी बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद करीब 4 घंटे बाद निखिल का शव करीब 500 दूरी पर पाया गया।
निखिल की मां शोभा अपने पति की मौत का गम भी नहीं भूल पाई थी कि निखिल की मौत ने उन्हें झंझोर कर रख दिया। निखिल के पिता स्व. मनोज कुमार का बीमारी के चलते 11 अप्रैल को निधन हो गया था।
वहीं, एक साल पूर्व दूसरे नंबर वाली बेटी गुनगुन का भी बीमारी के चलते निधन हो गया था। एक साल के अंदर परिवार में तीसरी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है । 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *