June 20, 2026

संवाददाता
कानपुर। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर रील्स के ज़रिए शादीशुदा ज़िंदगी और कॉर्पोरेट लाइफ का मज़ाकिया दर्द बयां करने वाले कपिल कनपुरिया अब ओटीटी की दुनिया में धमाल मचा रहे हैं। उनकी सुपरहिट वेब सीरीज़ ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ का सीजन 2 रिलीज़ हो चुका है। पहले सीजन में अपने ही जीजा की हत्या करके दर्शकों को चौंकाने वाले कपिल इस बार और बड़े धमाके का दावा कर रहे हैं।
अभिनेता कपिल कनपुरिया ने अपने किरदार के डार्क शेड्स, शूटिंग के दौरान के मुश्किलों और सोशल मीडिया पर परोसी जा रही फूहड़ता पर खुलकर बात की।
कपिल ने कहा कि यह किरदार मेरी असल ज़िंदगी और रील्स की इमेज से एकदम अलग है। पहले सीज़न में मुझे बताया गया था कि यह बड़ा चुलबुला और कॉमेडी वाला किरदार होगा। मुझे अंदाज़ा नहीं था कि अंत में मुझसे जीजा जी की हत्या जैसा कांड करा दिया जाएगा।
इस वजह से पहले सीज़न में मुझे विलेनगिरी भी दिखानी पड़ी। सीज़न 2 में अब सान्विका चौहान को पता चलेगा कि यह कांड मैंने किया है। इसके बाद मेरा स्वर्ग जाना तय होगा या नर्क, यह दर्शकों को देखना है। पहला सीज़न आधा धमाका था, इस बार भयंकर वाला एटम बम फटेगा। फुल मौज आने वाली है।
कपिल ने बताया कि सीरीज़ में एक से बढ़कर एक महारथी है। रवि शाह और डायरेक्टर साहिबा एफटीटीआई के पास आउट हैं, गोविंद पांडे ने थिएटर में पीएचडी कर रखी है, और पुनीत सिंह एनएसडी से हैं। इन सब दिग्गजों के संगठन और अनुभव से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्हीं के संगम से यह रस उत्पन्न हो पाया है कि मैं अपने किरदार को अच्छे से निभा सका।
उन्होंने बताया कि, इस सीरीज की शूटिंग मलिहाबाद, मॉल, बक्शी का तालाब, चंद्रिका देवी और पुराने लखनऊ में हुई है। इस सीरीज के 50 एपिसोड में से 36 एपिसोड में आपको उनका अभिनय देखने को मिलेगा।
इसमें आपको एकदम घोर कनपुरिया और अवध क्षेत्र की भाषा की झलक मिलेगी। बाकी एक्टर्स को भी हमने कनपुरिया बोली सिखाई हैं, जिसमें उन्हें बड़ा आनंद आया। मेरे किरदार में दर्शकों को पूरी तरह से शुद्ध देसी अंदाज़ देखने को मिलेगा।
कपिल ने बताया कि सीज़न-1 में एक बच्ची को थप्पड़ मारने का सीन था। वह सीन मेरे लिए तय नहीं था, लेकिन दूसरा एक्टर नहीं मान रहा था तो मुझ पर थोड़ा थोप दिया गया। एक छोटी बच्ची को थप्पड़ मारने में मुझे अंदर से बहुत हर्ट हुआ था। उस सीन के लिए दर्शकों से बहुत हेट भी मिली। वहीं,मज़ाकिया वाकये की बात करें, तो मुझे ऊंचाई से डर लगता है।
प्रोड्यूसर साहब ने एक मचान बनाकर मुझसे रस्सी से लटककर कूदने को कह दिया। मैं डर गया था, लेकिन बाद में डायरेक्टर ने बताया कि सिर्फ एक खंड से ही कूदना है, तब जाकर जान में जान आई। इस वेब सीरीज के फर्स्ट पार्ट को लोगों ने काफी पसंद किया था और पहली बार किसी सीरीज को 10 मिलियन लोगों ने पैड सब्सक्रिप्शन लेकर देखा था।
मैं न्यूडिटी और फूहड़ता वाले कंटेंट के पूरी तरह खिलाफ हूँ। कुछ लोग इसे शॉर्टकट की तरह इस्तेमाल करते हैं। आजकल लोग कमेंट सेक्शन में गालियों और गंदे कंटेंट को यह कहकर नॉर्मलाइज़ कर देते हैं कि ‘गाली तो सब देते हैं’। लेकिन हमारे मौलिक सिद्धांत कहाँ गए?
क्या आप अपने मां-बाप के सामने ऐसी बातें कर सकते हैं? सभ्य समाज के लिए इसकी खिलाफत होनी चाहिए। मेरा फंडा साफ है। दुनिया को ज्ञान देने से अच्छा है कि हम खुद सही राह पर चलें और अपना काम अच्छा करें।
कपिल के मुताबिक इस सीरीज़ में पूरी तरह से मिट्टी की सुगंध और देशीपन है। ऐसे ज़मीन से जुड़े शोज़ बहुत कम बनते हैं। पहले सीज़न में स्ट्रगल और आईएएस बनने की कहानी थी, लेकिन इस बार पूरा खेल प्यार, हेर-फेर और बदले का है। यह सीरीज़ 19 जून से डिज़नी प्लस हॉटस्टार पर प्रसारित हो रही है। इसे अपनी फैमिली के साथ बैठकर आराम से देखिए, बहुत मज़ा आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News