
आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में ड्योढ़ीघाट मोड़ के पास अज्ञात चोरों ने देर रात एक घर में दीवार तोड़कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। अज्ञात चोर रात में ही नकदी, सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। इस चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महाराजपुर क्षेत्र के ड्योढीघाट मोड़ निवासी महेन्द्र ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि रोजाना की भांति घर के सभी लोग खाना खाकर सोने चले गए। रात को अज्ञात चोर टीन शेड की दीवार तोड़कर अंदर कमरे में घुसकर बक्शे का ताला तोड़कर बीस हजार रूपये की नगदी, एक पाव चांदी, कान की झुमकी, हाफ पेटी, दो सोने की चेन, सोने की मांग बेंदी, दो सोने की अंगूठी, दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी तोड़िया चोरी कर ले गए।
पीड़ित गृहस्वामी महेंद्र ने जब सुबह उठकर कमरे में जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को डायल 112 पर इस चोरी की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहूंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके बाद पीड़ित ने महाराजपुर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी महाराजपुर पुलिस को दी। जिसके बाद महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन में जुट गई।
महाराजपुर थाना के कार्यवाहक प्रभारी ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिली है। मामले की जांच पड़ताल में पुलिस जुटी हुई है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।