February 13, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। नगर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के गंगा कटरी के  डोमनपुर गांव में गंगा नदी के किनारे साइबेरियन पक्षियों ने डेरा डाल रखा है। कटरी के किनारे इन पक्षियों का शिकार खुले आम चल रहा है। 

अन्य साइबेरियन पक्षियों को शिकार वाली जगह पर बुलाने के लिए ये शिकारी तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। पक्षियों के पैरों को रस्सी से बांधकर पानी में खड़ा किया जा रहा है, जिससे उनको देखकर दूसरे पक्षी आए और शिकारी उनका शिकार कर सकें।
शिकारी अन्य साइबेरियन पक्षियों को आकर्षित करने के लिए पानी में डंडा खड़ा करके उसके ऊपर पक्षियों के पंख लगा रहे हैं। बड़ी संख्या में पक्षियों के आते ही उनके ऊपर जाल डालकर उन्हें पकड़ रहे हैं। सुबह तड़के ही शिकारी इनका बड़े पैमाने पर शिकार कर रहे हैं। सर्दियों के मौसम में साइबेरियन पक्षियों के मांस की डिमांड बढ़ जाती है। शिकारी साइबेरियन पक्षियों को जाल में फंसाकर पकड़ते हैं। इसके बाद बोरियों भरकर उन्हें ले जाकर महंगे दामों में बेचते हैं।
गत वर्ष साइबेरियन पक्षियों के शिकार के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। ये वीडियो वायरल होने बाद वनविभाग और कमिश्नरेट पुलिस हरकत में आ गई थी। पुलिस ने तस्करों की धड़पकड़ के लिए छापेमारी शुरू की थी, तो तस्कर भूमिगत हो गए थे। पुलिस ने ग्रामीणों से तस्करों के घरों और ठिकानों की जानकारी जुटाकर छापेमारी की थी, लेकिन पुलिस के हाथ तस्कर नहीं लगे थे। 

लेकिन इस वर्ष शिकारी बेखौफ होकर इन साइबेरियन पक्षियों का शिकार खुलकर कर रहे है।