
आ स. संवाददाता
कानपुर। शहर में जगह-जगह बनाए गए अंडरग्राउंड कूड़ाघर पूरी तरह कबाड़ हो गए या शोपीस बनकर रह गए हैं। इन अंडरग्राउंड कूड़ा अड्डों के चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई कर्मी भी इनमें कूड़ा नहीं डालते हैं। आलम ये है कि ये कूड़े अड्डे खुद गंदगी के ढेर में तब्दील होने लगे हैं।
सर्वोदय नगर में नरेंद्र मोहन सेतु के नीचे किनारे बना अंडरग्राउंड कूड़ा अड्डा पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है। कूड़े अड्डे में कूड़ा न पड़ा होने के बजाय पूरी तरह सड़कों पर फैला हुआ है। आसपास बड़ी संख्या में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
कौशलपुरी वार्ड-85 में रोड किनारे अंडरग्राउंड कूड़ा अड्डा बना हुआ है। यहां भी इनकी स्थिति बदहाल है। सफाई कर्मी कूड़ा लाकर रोड किनारे फेंक रहे हैं। जबकि अंडरग्राउंड कूड़ा अड्डा बना हुआ है। बावजूद इसके सफाई कर्मी कूड़ा सड़क किनारे फेंक रहे हैं। समय से कूड़ा भी नहीं उठाया जा रहा है।
कंपनीबाग चौराहे पर बनाया गया अंडरग्राउंड कूड़ा अड्डा शोपीस बनकर रह गया है। इसकी स्थिति ठीक है, लेकिन इसमें कोई कूड़ा डालने ही नहीं आता है।
शहर में 2 दर्जन से अधिक स्थानों पर अंडरग्राउंड कूड़ा अड्डे बनाए गए थे। किदवई नगर में संजय वन के पास बना कूड़ा अड्डा भी बदहाल हो चुका है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अमित सिंह ने बताया कि अंडरग्राउंड कूड़ाघरों की स्थिति को सुधारा जाएगा। इसमें जो भी कर्मी लापरवाही बरत रहे हैं, उनको चिन्हित करके कार्रवाई की जाएगी।