July 15, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
मरियमपुर चौराहा से सचान चौराहा तक लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इस ओवरब्रिज के बनने से दक्षिण क्षेत्र से शहर आने के लिए 10 लाख से अधिक लोगों को जाम में फंसकर परेशान नहीं होना पड़ेगा।
सांसद रमेश अवस्थी व विधायक सुरेंद्र मैथानी ने सेतु निगम के अधिकारी वीके सिंह के साथ मरियमपुर से गोविंद नगर तक निरीक्षण किया। उनको फजलगंज, पुराना गोविंद नगर पुल उतरते समय, चावला मार्केट और नंदलाल चौराहा में जाम मिला।
सेतु निगम के अधिकारीयों के मुताबिक पहले गोविंदपुरी पुल से मरियमपुर तक फ्लाईओवर का प्रस्ताव और डिजाइन बनाया गया है। लेकिन विधायक ने सांसद को बताया कि सचान गेस्ट हाउस से चावला मार्केट होते हुए मरियमपुर आने वाले लोगों को जाम से काफी जूझना पड़ता है। इसलिए सचान चौराहा से मरियमपुर चौराहा  तक फ्लाईओवर बन जाए तो कहीं भी जाम से नहीं जूझना पड़ेगा।
विधायक की बात मानते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने सेतु निगम के अफसरों को सचान गेस्ट हाउस से मरियमपुर तक का डमी प्रपोजल बनाने के लिए कहा है। सांसद ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पुल को लेकर सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब पुल को लेकर डीपीआर तैयार की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मरियमपुर चौराहे से पुल निर्माण में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन गोविंदपुरी पुल के ठीक पहले, जगह कम होने की वजह से पुल के कर्व लेने में, कठिनाई आ रही है। निर्माण में जगह की कमी है और सर्विस लेन भी बनानी आवश्यक होती है।
इस पर अधिकारियों से कहा गया कि जिस प्रकार से हाइट लेकर मेट्रो के सिंगल पिलर पर फोरलेन सड़क की डिजाइन की तर्ज पर तैयार कराकर बनारस में पुल बना है। उसी तर्ज पर यहां की डिजाइन को तैयार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक वीके सेन, सहायक अभियंता सेतु निगम अरविंद कुमार सागर, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एसके सुमन, संतोष सिंह गोले, हेमू शुक्ला, मनोज शुक्ला, सुनील गुप्ता, मोहन विश्वकर्मा और ओम प्रकाश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।