
संवाददाता
कानपुर। बिधनू क्षेत्र में मगरमच्छ की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। उटसनी मंदिर पुल से नहर झील तक पिछले दो दिनों से मगरमच्छ देखा जा रहा है।
सोमवार सुबह पनकी से आने वाली नहर में ग्रामीणों ने मगरमच्छ को तैरते हुए देखा और वीडियो बनाया। साढ़ थाना क्षेत्र के बेहटा गांव के पास भी मगरमच्छ की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि गंगा नदी में आई बाढ़ के कारण मगरमच्छ नहरों तक पहुंच गए हैं।
उपक्षेत्रीय वन अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि वन विभाग की टीम नहर किनारे लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से नहर की तरफ न जाने और मवेशियों को पानी में न उतारने की अपील की है।
स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है क्योंकि नहर से बस्ती की दूरी मात्र 200-300 मीटर है। ग्रामीण अपने मवेशियों को नहर की तरफ ले जाने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते मगरमच्छ को नहीं पकड़ा गया तो वह बस्ती में भी प्रवेश कर सकता है।






