June 21, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  विधानसभा के बाहर आज होने वाले प्रदर्शन को लेकर कांग्रेसी पुलिस से बचते-बचाते हुए लखनऊ रवाना हुए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने बताया कि तड़के 4 बजे से ही कांग्रेसी रवाना शुरू हो गए थे। वाहनों से कांग्रेस के झंडे हटा दिए गए थे, कई साथियों ने भाजपा और सपा के झंडे लगा लिए थे। इसके बाद सभी वाहनों से लखनऊ रवाना हुए।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि करीब 20 वाहनों में 400 से 500 कांग्रेसी लखनऊ पहुंचे हैं। महेश दीक्षित, दिलीप शुक्ला, लल्लन अवस्थी, आसिफ इकबाल, संदीप निषाद, राकेश निगम, मनीष बाजपेई, भुवनेश भूषण, आरिफ पहलवान और सलमान के नेतृत्व में कांग्रेसी रवाना हुए हैं।
वहीं आलोक मिश्रा, पवन गुप्ता, नौशाद आलम मंसूरी, संजीव दरियाबादी, विशाल सोनकर समेत तमाम नेताओं को नजरबंद किया गया है। कांग्रेसी नेता विकास अवस्थी को भी नजरबंद किया गया है। 

पुलिस ने करीब 1000 कांग्रेसियों को प्रदर्शन में न जाने के लिए नोटिस थमाया है। नजरबंद नेताओं के घर फोर्स बढ़ा दी गई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने बताया कि भाजपा के लोग डर गए हैं। मंदिर-मस्जिद के अलावा कुछ नहीं किया है। लोगों में हिंसा की प्रवृत्ति पैदा की है। लोकतंत्र में अब धरना-प्रदर्शन तक नहीं करने दिया जाएगा। ये सीधे तौर पर लोकतंत्र में दी गई अभिव्यक्ति की आजादी पर चोट है। संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता डरेगा नहीं। 

Related News