
आ स. संवाददाता
कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर के शाकभाजी अनुभाग के सस्यविद डॉ. राजीव द्वारा बताया गया कि खेती में रासायनिक उर्वरकों एवं कृषि रक्षा रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग से मिट्टी की सेहत खराब हो रही है, तथा गुणवत्ता युक्त उत्पाद भी नहीं मिल पा रहा है। इसलिए प्राकृतिक खेती अपनाना वर्तमान समय की मांग है जिससे मिट्टी की सेहत में सुधार होगा एवं खेती की लागत में भी कमी आएगी तथा टिकाऊ खेती का सपना साकार होगा।
डा. राजीव ने बताया कि प्राकृतिक खेती का उद्देश्य सबके लिए सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। इससे जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दिशा में डॉ. राजीव द्वारा विश्वविद्यालय के सब्जी विज्ञान विभाग में तीन फसल पद्धतियों जिनमें हरीखाद में पत्ता गोभी, लोबिया (गर्मी), लोबिया (खरीफ), मटर, तोरई तथा मूंग, टमाटर पर प्राकृतिक खेती का शोध किया जा रहा है। फसलों पर विभिन्न प्राकृतिक घटकों जैसे जीवामृत, गोबर की खाद, जीवामृत व जैविक मल्चिंग का संयुक्त प्रयोग कर शत प्रतिशत रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग के तुलनात्मक अध्ययन किया जा रहा है।
डॉ. राजीव द्वारा बताया गया कि गत वर्ष के अध्ययन के अनुसार सब्जी फसलों में गोबर की खाद के प्रयोग से सर्वाधिक पत्ता गोभी, लोबिया (गर्मी फसल), लोबिया (खरीफ फसल), मटर, तोरई, मूंग तथा टमाटर में प्रति हेक्टेयर पैदावार प्राप्त हुई तथा इस प्राकृतिक विधि से प्राप्त उपज रासायनिक उर्वरकों की पैदावार के लगभग बराबर रही। उन्होंने बताया कि यह अध्ययन लगातार 3 साल तक किया जाएगा तथा 3 साल के मिले परिणाम के आधार पर सब्जी आधारित फसल पद्धतियों के लिए प्राकृतिक खेती का आर्थिक विश्लेषण के उपरांत स्थानीय कृषि परिस्थितिकी के अनुसार मॉडल विकसित होगा।
डॉ. राजीव द्वारा बताया गया कि प्राकृतिक खेती के विस्तार के लिए केंद्र सरकार ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत देश में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन को मंजूरी दी है, जिसका लक्ष्य एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करना है।